उत्तर प्रदेश में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। प्रेम प्रसंग के शक में उसने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया और बाद में सबूत मिटाने की कोशिश भी की।

पेट दर्द का बहाना बनाकर ले गया जंगल

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपनी पत्नी को पेट दर्द का बहाना बनाकर घर से बाहर निकाला। वह उसे बाइक से जंगल की ओर ले गया, जहां सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम दिया।

गला घोंटकर की हत्या

जंगल में आरोपी ने पहले पत्नी को जमीन पर गिराकर बेहोश किया, फिर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने लकड़ियां इकट्ठा कर शव को जला दिया, ताकि पहचान छिपाई जा सके।

प्रेम प्रसंग को लेकर था शक

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी करीब नौ साल पहले हुई थी। कुछ समय पहले दोनों इंदौर में काम करने गए थे, जहां पत्नी का एक युवक से संबंध होने का शक उसे था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

घटना के बाद आरोपी घर लौट आया और पत्नी के प्रेमी पर आरोप लगाते हुए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि जांच के दौरान सच्चाई सामने आ गई।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

जंगल में महुआ बीनने गए ग्रामीणों ने अधजला शव देखा और पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर मिली चप्पल के आधार पर शव की पहचान की गई।

आरोपी गिरफ्तार

मड़ावरा थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि वह इंदौर भागने की तैयारी में था, लेकिन समय रहते पकड़ लिया गया।

पोस्टमार्टम और जांच जारी

शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकीय पैनल द्वारा कराया गया, जिसकी वीडियोग्राफी भी की गई। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और रिश्तों में बढ़ते अविश्वास को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

लेखक

आरती तिवारी

झांसी और बुंदेलखंड की राजनीतिक और जमीनी रिपोर्टिंग।